स्वास्थ्य सेवाओं और टीबी अभियान की समीक्षा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचे डीएम

  • Post By Admin on Jul 08 2026
स्वास्थ्य सेवाओं और टीबी अभियान की समीक्षा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचे डीएम

लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने मंगलवार को रामगढ़ चौक प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, तेतरहाट एवं चानन का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्र पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को मिल रही सेवाओं तथा टीबी स्क्रीनिंग अभियान की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि केंद्र को प्रतिदिन 27 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य दिया गया था, जबकि 55 लोगों की जांच की गई, जो निर्धारित लक्ष्य से दोगुनी है। इस उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए अभियान को इसी गति से जारी रखने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि एक्स-रे रोस्टर के अनुसार 11 जुलाई 2026 को चिन्हित मरीजों को सदर अस्पताल भेजकर उनका एक्स-रे कराया जाएगा, ताकि संभावित टीबी मरीजों की समय पर पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने स्क्रीनिंग, जांच और उपचार की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को अधिक से अधिक लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने और स्क्रीनिंग के लिए प्रेरित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही जिले को शीघ्र टीबी मुक्त बनाया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम पदाधिकारी सुधांशु नारायण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।