एनएच-33 फोर लेन परियोजना की समीक्षा बैठक, भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्यों का आकलन
- Post By Admin on Jun 04 2026
लखीसराय : राज्य में 500 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (पीएमजी) की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जिलों में संचालित वृहद अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की स्थिति का आकलन किया गया तथा उनके क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान एनएच-33 मोकामा-मुंगेर फोर लेन सड़क परियोजना की प्रगति पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। परियोजना से जुड़े भूमि अधिग्रहण, निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों तथा कार्य निष्पादन की गति का बिंदुवार मूल्यांकन किया गया। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ी विकासात्मक परियोजनाओं के सफल निष्पादन से क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर परियोजना कार्यों में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने पर बल दिया।
बैठक में जिला प्रशासन की ओर से परियोजना की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। समीक्षा के दौरान मोकामा-मुंगेर फोर लेन परियोजना की प्रगति को संतोषजनक बताया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लखीसराय से जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री राहुल कुमार तथा जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार ने बैठक में भाग लिया।