नामकुम में दुर्लभ प्रजाति का सांप तक्षक नाग रेस्क्यू, पहली बार झारखंड में मिला
- Post By Admin on Dec 02 2024

रांची : नामकुम स्थित आरसीएच कार्यालय में एक दवा के कार्टून के अंदर से दुर्लभ प्रजाति के सांप ओरनेट फ्लाइंग स्नेक (तक्षक नाग) को रेस्क्यू किया गया। इस अद्वितीय सांप को पिठोरिया निवासी स्नेक रेस्क्यूवर रमेश कुमार महतो ने सुरक्षित बाहर निकाला। सांप की लंबाई लगभग तीन फीट थी और यह झारखंड में पहली बार देखा गया है।
रमेश कुमार महतो ने बताया कि यह सांप बेहद दुर्लभ प्रजाति का है जो ज्यादातर पठारी और झाड़ीनुमा इलाकों में पाया जाता है। यह सांप पेड़ों पर रहने वाला है और जमीन पर बहुत कम आता है। इसकी खासियत है कि यह 100 फीट की ऊंचाई से छलांग लगा सकता है। इसका मुख्य आहार छिपकली और कीड़े-मकौड़े हैं।
ओरनेट फ्लाइंग स्नेक भारत में ‘रेयर कैटेगरी’ में आता है और विलुप्ति के कगार पर है। इसे लेकर वैज्ञानिक शोध भी किया जाएगा। रेस्क्यू के बाद इस सांप को बिरसा जैविक उद्यान में सुपुर्द कर दिया गया है। वहां इसके जेनेटिक अध्ययन और संरक्षण के लिए प्रयास किए जाएंगे।
झारखंड में इस दुर्लभ सांप का पहली बार मिलना क्षेत्र के जैव-विविधता की संपन्नता को दर्शाता है। वन विभाग और विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी सांप को देखकर घबराएं नहीं बल्कि इसकी सूचना वन विभाग या स्थानीय रेस्क्यू टीम को दें।