मुजफ्फरपुर के मीनापुर में पड़ोस युवा संसद का आयोजन, युवाओं ने ली नशामुक्त भारत की शपथ

  • Post By Admin on Nov 05 2026
मुजफ्फरपुर के मीनापुर में पड़ोस युवा संसद का आयोजन, युवाओं ने ली नशामुक्त भारत की शपथ

मुजफ्फरपुर : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर की ओर से गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को मीनापुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सरस्वती विद्या निकेतन) के वासुदेव सभागार में प्रखंड स्तरीय पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रहा। इसमें युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व आर्मी सूबेदार कृष्ण कुमार सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए युवाओं का स्वस्थ, जागरूक, अनुशासित और नशामुक्त होना जरूरी है। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से इससे दूर रहने की अपील की।

कार्यक्रम में वक्ता के रूप में उपस्थित धर्मेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार और राजा बाबू कुमार ने नशामुक्त भारत के विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। वक्ताओं ने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों में आगे आने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी युवक-युवतियों को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन मीनापुर के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक संतोष कुमार ने किया। समापन पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. भक्तवत्सल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने अतिथियों, वक्ताओं, युवाओं और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा स्वयंसेवक मुकेश कुमार रजक तथा युवा मंडल के सदस्य विवेक कुमार, मनीष कुमार, गौरव कुमार, हर्ष राज और रिशु राज का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक भी उपस्थित थे।