‘हर घर दीपावली, बच्चों की खुशहाली’ अभियान से रोशन हुई स्लम बस्ती
- Post By Admin on Nov 05 2026
मुजफ्फरपुर: दीपावली की खुशियां हर बच्चे तक पहुंचे और कोई भी बच्चा त्योहार की उमंग से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से एक प्रयास मंच की ओर से 4 नवंबर 2026 को पुरानी गुदरी स्थित अंबेडकर नगर में ‘हर घर दीपावली, बच्चों की खुशहाली’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जरूरतमंद बच्चों के बीच छुछुरी, चॉकलेट और पठन सामग्री वितरित की गई। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मंच के संस्थापक संजय रजक ने कहा कि एक प्रयास मंच लगातार मुजफ्फरपुर की स्लम बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों के बीच शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है। इसका उद्देश्य बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के अवसर पर भी मंच की ओर से बच्चों के बीच विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी त्योहार की खुशियां मना सकें। दीपावली के अवसर पर इसी सोच के साथ यह पहल की गई है। मंच भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रखेगा। कार्यक्रम में आयुष राम, शिवा, रिया, शिवानी, विद्या, जानकी, सुशांत, दिव्यांशु, मीरा और संजय रजक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।