रामेश्वर महाविद्यालय में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

  • Post By Admin on Sep 02 2026
रामेश्वर महाविद्यालय में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

मुजफ्फरपुर: पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के निर्माण के उद्देश्य से एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट कंपनी लिमिटेड की मुजफ्फरपुर शाखा की ओर से रामेश्वर महाविद्यालय के रामेश्वर स्मृति उद्यान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रशासन और कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के साथ मानव जीवन के अस्तित्व का भी आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार कम होते हरित क्षेत्र को देखते हुए पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने रामेश्वर स्मृति उद्यान को और अधिक हरित एवं आकर्षक बनाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रखने की आवश्यकता बताई।

एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट कंपनी लिमिटेड के मुजफ्फरपुर शाखा प्रमुख रंजीत कुमार ने कहा कि कंपनी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल वर्तमान पीढ़ी की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा विषय है। प्रो. रजनी रंजन ने कहा कि पौधारोपण को महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। पौधों की देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को अभियान के बजाय दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

महाविद्यालय के हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप कुमार सिंह ने एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट कंपनी लिमिटेड की मुजफ्फरपुर शाखा के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियां समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ युवाओं में जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करती हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारियों के अलावा कंपनी के आयुष, विजय कुमार, सोनू कुमार, चंदन कुमार, रंजीत कुमार, अमन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।