रामकृष्ण मिशन में स्वामी विवेकानंद स्मरणोत्सव, राज्यपाल ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
- Post By Admin on Sep 11 2026
मुजफ्फरपुर : स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो भाषण की 134वीं वर्षगांठ के अवसर पर रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम में स्वामी विवेकानंद स्मरणोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों, उनके सर्वधर्म समभाव के संदेश और युवाओं के लिए उनके आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि नालंदा अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय के डीन प्रो. गोदावरीश मिश्र और विशिष्ट अतिथि छपरा आश्रम के सचिव अतिदेवानंद महाराज तथा दर्शनशास्त्र विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष हरि नारायण पांडे रहे। आश्रम की ओर से आगत अतिथियों का अंगवस्त्र और बुके देकर स्वागत किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण के विभिन्न पहलुओं और उसके वैश्विक प्रभाव पर विचार रखे।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में बिहार के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय, प्रो. गोदावरीश मिश्र और मुजफ्फरपुर के कमिश्नर गिरिधर दयाल सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संदीप कुमार को गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, प्राचार्य, अतिथि प्राध्यापक, शिक्षक और छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों की यात्राओं के दौरान उन्हें अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों को समझने का अवसर मिला तथा स्वामी विवेकानंद के विचारों में सर्वधर्म समभाव को विशेष महत्व दिया गया है।
पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संदीप कुमार ने लोगों से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और विचारों को जीवन में अपनाने की अपील की। वहीं, बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि रामकृष्ण मिशन आश्रम और विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है। इसके तहत आध्यात्मिक क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की दिशा में काम किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन प्रो. श्री नारायण प्रसाद सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष मंडल के सदस्यों ने सहयोग किया।