कृषि मंत्री के आप्त सचिव की नियुक्ति पर उठे सवाल, स्थानीय उपेक्षा का आरोप
- Post By Admin on May 22 2026
लखीसराय : बिहार सरकार के कृषि मंत्री द्वारा अपने आप्त सचिव के रूप में बाहरी व्यक्ति की नियुक्ति किए जाने को लेकर लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। सीपीआई नेता रजनीश ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों में निराशा का माहौल है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के बीच यह चर्चा है कि क्या लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में ऐसा कोई योग्य व्यक्ति नहीं था, जिस पर मंत्री भरोसा कर सकते। रजनीश ने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है जब स्थानीय लोगों ने स्वयं को उपेक्षित महसूस किया हो। सीपीआई नेता ने कहा कि आम जनमानस में यह धारणा बनती जा रही है कि जनप्रतिनिधित्व की राजनीति में स्थानीय सहभागिता और क्षेत्रीय विकास की अपेक्षा राजनीतिक एवं व्यक्तिगत समीकरणों को अधिक महत्व दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लखीसराय के लोग लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य, जल, जंगल, पहाड़ और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीर पहल की अपेक्षा करते रहे हैं, लेकिन इन विषयों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल सकी है। रजनीश ने कहा कि जनता चाहती है कि लोकतंत्र केवल सत्ता संचालन का माध्यम न बनकर स्थानीय विश्वास, जनसहभागिता और विकास का भी आधार बने।