विशेष लोक अदालत के लिए प्रचार अभियान शुरू, न्यायाधीश व डीएम ने दिखाई हरी झंडी

  • Post By Admin on Jul 10 2026
विशेष लोक अदालत के लिए प्रचार अभियान शुरू, न्यायाधीश व डीएम ने दिखाई हरी झंडी

लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), लखीसराय की ओर से 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिकाधिक पक्षकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

समाहरणालय परिसर से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम तथा जिला पदाधिकारी सह उपाध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार शैलेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से प्रचार रथ को रवाना किया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय पवन कुमार झा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम रजनी कुमारी, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सिद्धार्थ पांडे, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आशीष कुमार अग्निहोत्री, सब जज प्रथम रंजीत कुमार सोनू, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार विधानंद सागर, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी शिप्रा कुमारी सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी, डालसा कर्मी एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) उपस्थित रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर ने बताया कि 18 जुलाई को आयोजित विशेष लोक अदालत में परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) के तहत चेक बाउंस से जुड़े 138 मामलों का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्षकारों तक सूचना पहुंचाने के लिए प्रचार वाहन जिले के सुदूर क्षेत्रों में जाकर लोगों को विशेष लोक अदालत की जानकारी देगा। इसके लिए पैरा लीगल वॉलंटियर्स की भी तैनाती की गई है, ताकि अधिक से अधिक पक्षकार लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निस्तारण करा सकें।