जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत चौरा और विशुनपुर में लगे जनसुनवाई शिविर

  • Post By Admin on May 22 2026
जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत चौरा और विशुनपुर में लगे जनसुनवाई शिविर

लखीसराय : जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत सूर्यगढ़ा प्रखंड के विभिन्न जनजातीय टोला में आयोजित जनसुनवाई अभियान के दूसरे दिन गुरुवार को चौरा एवं विशुनपुर में विशेष शिविर लगाए गए। शिविर में जनजातीय समुदाय के लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों द्वारा यथासंभव मौके पर समाधान किया गया।

कैंप में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही जरूरतमंद लोगों के बीच विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों का भी वितरण किया गया। चौरा में आयोजित शिविर के कैंप प्रभारी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रहे, जबकि विशुनपुर में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने शिविर की जिम्मेदारी संभाली। अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि जनजातीय समुदाय तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 21 मई से 23 मई तक विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतिम दिन 23 मई को हिल ब्लॉक एवं श्री किशुन में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे।