पर्यावरण संरक्षण के लिए लखीसराय में जनजागरण, रैली, पौधारोपण और शपथ कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Jun 05 2026
पर्यावरण संरक्षण के लिए लखीसराय में जनजागरण, रैली, पौधारोपण और शपथ कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखीसराय जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साइकिल रैली, पैदल यात्रा, पौधारोपण, मानव श्रृंखला एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत के साथ हुई। इसके बाद जिले के विभिन्न पदाधिकारियों, वन विभाग के कर्मियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यापीठ से परिया पोखर तक साइकिल रैली एवं पैदल यात्रा निकाली गई। रैली के माध्यम से हरित आवरण बढ़ाने, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

रैली के उपरांत परिया पोखर तथा समाहरणालय परिसर स्थित न्यायालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान लोगों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। पर्यावरण संरक्षण के समर्थन में मानव श्रृंखला का निर्माण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण की रक्षा, जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ ली। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर जन-आंदोलन का रूप ले, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने तथा अधिकाधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-संकल्प और जागरूकता संदेश के साथ हुआ।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री शंभुनाथ, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, नगर परिषद सभापति श्री अरविन्द पासवान, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद लखीसराय श्री प्रभात रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, वनों के क्षेत्र पदाधिकारी, वनपाल, वनरक्षी सहित अन्य वनकर्मी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।