जेल में बंदियों को मिलेगा मुफ्त विधिक सहयोग, मुलाकाती लीगल एड हेल्प डेस्क का उद्घाटन
- Post By Admin on May 27 2026
लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के सचिव विधानंद सागर के नेतृत्व में मंडलकारा लखीसराय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चीफ एलएडीसीएस एवं सहायक एलएडीसीएस भी मौजूद रहे। टीम ने जेल के विभिन्न वार्डों, विधिक सहायता केंद्र, अस्पताल, रसोईघर तथा बहुउद्देशीय कक्ष का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में सचिव ने कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वे निसंकोच अपनी बात रख सकते हैं। इस दौरान जेल प्रशासन की ओर से बताया गया कि बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से नियमित रूप से कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत मशरूम उत्पादन, चित्रकला, पेंटिंग, कंप्यूटर और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्य के लिए मंडलकारा में एक शिक्षक की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
सचिव विधानंद सागर ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि बंदियों को विधिसम्मत सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा जेल परिसर में साफ-सफाई और समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के बाद नालसा एवं बालसा के निर्देशानुसार मंडलकारा परिसर में “मुलाकाती लीगल एड हेल्प डेस्क” का उद्घाटन भी किया गया। उद्घाटन के अवसर पर चीफ एलएडीसीएस प्रजापति झा, सहायक एलएडीसीएस कमलेश कुमार, जेल अधीक्षक तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस मौके पर सचिव विधानंद सागर ने बताया कि बंदियों से संबंधित किसी भी प्रकार की विधिक सहायता की जानकारी अब मुलाकाती इस हेल्प डेस्क से प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यहां दी जाने वाली सभी सूचनाएं और सेवाएं पूरी तरह निशुल्क होंगी।