आगामी चुनावों की तैयारी तेज, डीएम ने ईवीएम वेयरहाउस का लिया जायजा

  • Post By Admin on Jun 05 2026
आगामी चुनावों की तैयारी तेज, डीएम ने ईवीएम वेयरहाउस का लिया जायजा

लखीसराय : जिले में आगामी चुनावों को लेकर ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा और रख-रखाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मशीनों के सुरक्षित भंडारण, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस के विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रवेश एवं निकास प्रक्रिया, रिकॉर्ड संधारण तथा ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में यह भी सुनिश्चित किया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन किया जा रहा है। अधिकारियों ने वेयरहाउस की वर्तमान व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करते हुए आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की तथा उन्हें और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी दिए।

निरीक्षण में शामिल राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक कोषागार पदाधिकारी, सहायक अभियंता भवन प्रमंडल, लखीसराय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।