विशेष और राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज, अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर
- Post By Admin on Jul 10 2026
लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) लखीसराय की ओर से 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत तथा 12 सितंबर 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर न्यायिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय श्री सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के मार्गदर्शन में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के प्रकोष्ठ में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने की। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री विद्यानंद सागर सहित न्यायिक पदाधिकारी श्री रंजीत कुमार सोनू, श्री कुंदन कुमार गुप्ता, श्रीमती शिप्रा कुमारी, श्रीनिवास शर्मा, श्री हिमांशु भार्गव, श्रीमती सुमन चंद्रा एवं श्री प्रशांत कुमार उपस्थित रहे। बैठक में लोक अदालत में अधिक से अधिक सुलहनीय वादों के निष्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। न्यायिक अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अधिकाधिक मामलों की पहचान कर पक्षकारों को समय पर नोटिस भेजे जाएं तथा प्री-सिटिंग के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों के निपटारे का प्रयास किया जाए, ताकि लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री विद्यानंद सागर ने अपने प्रकोष्ठ में न्यायालय के पीठ कर्मियों एवं कार्यालय कर्मियों के साथ अलग से बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सुलहनीय मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया जाए तथा अधिकाधिक वादों में नोटिस जारी करने की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। सचिव ने विश्वास जताया कि सभी न्यायिक पदाधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों के समन्वित प्रयास से आगामी विशेष लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों का आपसी सहमति से सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा सकेगा।