श्रावणी मेला की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम-एसपी ने अशोकधाम का किया निरीक्षण

  • Post By Admin on Jul 27 2026
श्रावणी मेला की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम-एसपी ने अशोकधाम का किया निरीक्षण

लखीसराय : आगामी श्रावणी मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार ने सोमवार को श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोकधाम का संयुक्त निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। जिलाधिकारी ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं, एंबुलेंस और चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं नगर परिषद एवं संबंधित एजेंसियों को मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, कचरा निष्पादन तथा पर्याप्त संख्या में शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

साथ ही पथ निर्माण एवं संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र की सड़कों को दुरुस्त रखने और आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी पुलिस पदाधिकारी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि 28 जुलाई 2026 तक श्रावणी मेला से जुड़ी सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी विभाग की लापरवाही या कार्य में शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर तैयारियों की निगरानी करने और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।