लखीसराय में बाढ़ पूर्व तैयारियां तेज, राहत और बचाव व्यवस्था की हुई समीक्षा
- Post By Admin on May 27 2026
लखीसराय : संभावित बाढ़ 2026 की पूर्व तैयारियों को लेकर समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में प्रभारी सचिव लखीसराय सह सचिव योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार कँवल तनुज की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बाढ़ से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन शशि कुमार ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, वर्षामापक यंत्रों की उपलब्धता और अन्य तैयारियों की जानकारी दी।बैठक में बुजुर्गों, महिलाओं, गर्भवती महिलाओं तथा अन्य संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा और राहत व्यवस्था पर विशेष चर्चा हुई। जल संसाधन विभाग द्वारा तटबंधों की सुरक्षा के लिए बालू भरे बोरे, नाव, लाइफ जैकेट और संचार व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी दी गई। साथ ही खाद्यान्न आपूर्ति, आश्रय स्थल, सामुदायिक रसोई और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ के दौरान चलंत चिकित्सा दल, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों की तैनाती संबंधी तैयारियों की जानकारी दी। वहीं पशुपालन विभाग द्वारा पशु चारा, दवाओं और पशु आश्रय स्थलों की व्यवस्था पर प्रकाश डाला गया। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने जिला आपातकालीन संचालन केंद्र की स्थापना, दवा आपूर्ति और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के नियमित निरीक्षण की जानकारी देते हुए सभी विभागों को समय रहते आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रभारी सचिव कँवल तनुज ने निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर सामुदायिक रसोई और आश्रय स्थलों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने संभावित बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची पहले से तैयार करने तथा नावों और लाइफ जैकेट की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में 15 से 20 प्रतिशत वृद्धि करने का निर्देश दिया। साथ ही पॉलीथिन शीट, चापाकल मरम्मत, दवाओं और पशु चारा से संबंधित निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।
बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बाढ़ आपदा के दौरान आम लोगों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अंत में बिहार गीत के साथ बैठक का समापन किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।