पीएम सूर्य घर योजना के विस्तार पर जोर, पटना में सम्मान समारोह आयोजित

  • Post By Admin on Sep 16 2026
पीएम सूर्य घर योजना के विस्तार पर जोर, पटना में सम्मान समारोह आयोजित

मुजफ्फरपुर: बिहार में स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के विस्तार के उद्देश्य से एल्विन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से पटना में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए राम कृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सौर ऊर्जा को घर-घर पहुंचाने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देशभर में एक करोड़ घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नवीकरणीय और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के साथ यदि रोजगार के नए अवसर भी पैदा हों, तो इसका सीधा लाभ आम लोगों और युवाओं तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि ग्रीन एनर्जी, रोजगार और सतत विकास बिहार के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। सरकार ऐसी पहलों का स्वागत करती है, जो बिहार में हरित ऊर्जा के विस्तार के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देती हैं।

कार्यक्रम में एल्विन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से बिहार में 10 लाख रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य प्रस्तुत किया गया। कंपनी के अनुसार, इस पहल से राज्य में लगभग 20 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। कंपनी ने बताया कि उसने अपनी यात्रा आंध्र प्रदेश के अमरावती से शुरू की है और अब तेलंगाना तथा तमिलनाडु में भी विस्तार कर रही है।कंपनी ने राष्ट्रीय स्तर पर एक करोड़ घरों तक रूफटॉप सोलर पहुंचाने और करीब एक लाख रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य भी बताया। समारोह में 3 किलोवाट रूफटॉप सोलर सिस्टम के लिए प्रस्तावित वित्तीय व्यवस्था की जानकारी दी गई।

कंपनी के अनुसार, पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और बिहार सरकार की ओर से 20 हजार रुपये की सहायता के साथ 1.02 लाख रुपये की राशि बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। इसके अलावा लगभग 23 हजार रुपये के उपभोक्ता योगदान को रीबेट के रूप में माफ करने की बात भी कंपनी की ओर से कही गई। एल्विन एनर्जी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बिहार में सौर ऊर्जा का विस्तार करना, उपभोक्ताओं के बिजली खर्च को कम करने में मदद करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। समारोह में हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बिहार के सतत विकास से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।