सुशीला देवी की पुण्य स्मृति में पीपल का पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

  • Post By Admin on May 27 2026
सुशीला देवी की पुण्य स्मृति में पीपल का पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

लखीसराय : टाउन हॉल परिसर, नया बाजार स्थित क्षेत्र में पूज्या चाची जी स्वर्गीय सुशीला देवी की पुण्य स्मृति में पर्यावरण भारती की ओर से पीपल के पौधे का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी अक्षत राज मोदी ने किया, जबकि शैक्षणिक आयाम प्रांत प्रमुख शिक्षक अरविंद कुमार ने सहयोग किया।

इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिहार में मौसम का असंतुलन लगातार बढ़ रहा है और गर्मी के मौसम में हो रही भारी बारिश से किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। गेहूं, मक्का और मूंग की फसलों को व्यापक क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग का प्रभाव भारत में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। सासाराम में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस और उत्तर प्रदेश के बांदा में 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि पेड़ों के आसपास तापमान करीब 9 डिग्री तक कम हो जाता है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम 10 पेड़ लगाने चाहिए।

कार्यक्रम में शिक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि स्वर्गीय महेश प्रसाद सिंह केएसएस कॉलेज में हिंदी विभागाध्यक्ष तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रथम जिला संघचालक थे। उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय सुशीला देवी सामाजिक कार्यों में हमेशा सहयोग करती थीं और सभी लोगों को पुत्रवत स्नेह देती थीं। उनकी स्मृति में पीपल का पौधारोपण एक प्रेरणादायी और स्मरणीय कार्य है। पौधारोपण कार्यक्रम में सोमनाथ सुमन, दीपक कुमार, प्रेम प्रकाश सहित कई लोगों ने भाग लिया।