शिक्षक दिवस पर पर्यावरण भारती ने रोपे 25 पौधे, अब तक लगा चुकी है सवा लाख से अधिक पेड़
- Post By Admin on Sep 05 2026
लखीसराय : शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में चानन प्रखंड अंतर्गत मननपुर, इटौन स्थित एवन क्लासेस परिसर में पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए विभिन्न प्रजातियों के कुल 25 पौधे लगाए गए, जिनमें 9 फलदार जामुन, 11 छायादार सेमल और 5 औषधीय अमलतास के पौधे शामिल रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी रणजीत कुमार महतो ने किया, जबकि इसमें शक्ति कुमार महतो ने सक्रिय सहयोग दिया।
पौधारोपण के उपरांत सभा को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि संस्था वर्ष 2008 से लगातार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य कर रही है। महापुरुषों की जयंती, पुण्यतिथि और मांगलिक अवसरों पर पौधे लगाने की इस अनवरत मुहिम के तहत अब तक संस्था कुल 1,25,923 पौधे लगा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से धरती और पर्यावरण की रक्षा करना है।
संस्थापक ने ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते खतरों के प्रति आगाह करते हुए कहा कि यदि समय रहते बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण नहीं किया गया, तो गंभीर पर्यावरणीय संकट उत्पन्न हो जाएगा। भारत में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है और तिब्बत के पास ग्लेशियर पिघलकर टूटने से नेपाल में भारी तबाही मची है। ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से सीख लेते हुए हर नागरिक को पौधरोपण को अपनी दिनचर्या और संस्कारों से जोड़ना होगा।
इस अवसर पर देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए उनके जीवन और योगदान को याद किया गया। शाण्डिल्य ने बताया कि 5 सितंबर 1888 को तमिलनाडु के तिरूतनी में जन्मे प्रख्यात दार्शनिक और शिक्षाविद डॉ. राधाकृष्णन 1952 में देश के पहले उपराष्ट्रपति और 1962 में दूसरे राष्ट्रपति बने। वर्ष 1954 में उन्हें 'भारत रत्न' से अलंकृत किया गया था। ऐसे महान व्यक्तित्व की स्मृति में पौधरोपण करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से रणजीत कुमार महतो, शक्ति कुमार महतो, अनिल कुमार, सुरेंद्र कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, आर्या कुमारी, आरव कुमार और अक्षत राज सहित कई स्थानीय लोग व छात्र उपस्थित रहे।