सर गंगाराम की पुण्यतिथि पर पर्यावरण भारती का पौधारोपण, हरित अभियान का दिया संदेश
- Post By Admin on Jul 10 2026
लखीसराय : पर्यावरण भारती की ओर से सर गंगाराम की पुण्यतिथि के अवसर पर पीरी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर, अभयपुर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एक अमरूद तथा दो पुष्पीय पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि मानव जीवन जन्म से लेकर मृत्यु तक ऑक्सीजन पर निर्भर है और इसका प्रमुख स्रोत हरे-भरे वृक्ष हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से ही प्रकृति की पूजा और संरक्षण की परंपरा रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्व के अधिकांश बड़े शहर नदियों के किनारे बसे हैं और मानव सभ्यता का विकास भी जल स्रोतों के आसपास हुआ है। ऐसे में जल एवं पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अंधाधुंध वन कटाई के कारण प्राकृतिक असंतुलन बढ़ रहा है, जिसके चलते देश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाएं देखने को मिल रही हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए धरती पर पर्याप्त वन क्षेत्र आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान वर्षा ऋतु में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर शिक्षक मिथिलेश कुमार ने सर गंगाराम के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका निधन 10 जुलाई 1927 को हुआ था। उन्होंने कहा कि सर गंगाराम एक दूरदर्शी अभियंता, समाजसेवी और आधुनिक कृषि विकास के अग्रदूत थे। उन्होंने सिंचाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, विधवा पुनर्विवाह तथा जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। उनके नाम पर स्थापित सर गंगाराम अस्पताल आज भी स्वास्थ्य सेवा का प्रमुख केंद्र है। पौधारोपण कार्यक्रम में पर्यावरण प्रहरी सुबोध कुमार मिश्र, हिमालय, शिक्षक मिथिलेश कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, नवीन निराला, आशुतोष, धीरज, अक्षत, कंपनी तांती सहित अन्य लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।