डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान

  • Post By Admin on Jul 06 2026
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान

लखीसराय : पंडित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती एवं वन महोत्सव के अवसर पर सोमवार को टाउन हॉल परिसर स्थित केआरके, नया बाजार में पर्यावरण भारती की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी अक्षत राज ने किया, जबकि प्रेम प्रकाश ने सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक तथा अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए कम से कम 10 पौधे अवश्य लगाने चाहिए। राम बिलास शाण्डिल्य ने बताया कि पर्यावरण भारती वर्ष 2008 से महापुरुषों की जयंती, पुण्यतिथि एवं अन्य मांगलिक अवसरों पर लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रही है। अब तक संस्था की ओर से 1,24,023 पौधे लगाए जा चुके हैं तथा लगभग 1,500 पर्यावरण प्रहरियों का नेटवर्क तैयार किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन सबसे आवश्यक है और इसका प्रमुख स्रोत वृक्ष हैं। यदि पर्यावरण का संतुलन बिगड़ा और वृक्षों की संख्या लगातार घटती रही तो मानव जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

अपने संबोधन में शाण्डिल्य ने असम के 'फॉरेस्ट मैन' जादव पायेंग के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से 1,400 एकड़ क्षेत्र में जंगल विकसित हुआ, जो आज वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास बन चुका है। उन्होंने कहा कि ऐसे उदाहरण समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं। इस दौरान उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि वे राष्ट्रभक्ति, अखंड भारत और राष्ट्रीय एकता के प्रबल समर्थक थे। उनकी जयंती पर पौधारोपण करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में राम बिलास शाण्डिल्य, अक्षत राज, प्रेम प्रकाश, अमन कुमार, हिमालय, रौशन कुमार सहित अन्य लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।