छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण

  • Post By Admin on Jun 27 2026
छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण

लखीसराय : छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस के अवसर पर शनिवार को लखीसराय जिले के कुंदर (चानन) में पर्यावरण भारती के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी संजीत कुमार यादव ने किया, जबकि सचिन कुमार और गोपाल कुमार ने सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के दिन हुआ था और इस अवसर पर पौधारोपण करना प्रकृति तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 से पर्यावरण भारती महापुरुषों की जयंती, पुण्यतिथि और अन्य विशेष अवसरों पर लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रही है। उन्होंने बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग और घटते वन क्षेत्र पर चिंता जताते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरण अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के आसपास कम से कम 10 पेड़ अवश्य लगाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम में इंजीनियर सुनील कुमार सिन्हा ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे अद्वितीय योद्धा, कुशल रणनीतिकार और स्वराज्य के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन राष्ट्रसेवा, न्याय और जनकल्याण के आदर्शों से प्रेरित था, इसलिए उनके राज्याभिषेक दिवस पर पौधारोपण जैसे जनहितकारी कार्य विशेष महत्व रखते हैं। इस अवसर पर सचिन कुमार, गोपाल कुमार, अभिषेक कुमार, अरविंद, गुलशन, संजीत कुमार यादव, राम बिलास शाण्डिल्य सहित कई लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।