विश्व परिवार दिवस पर पर्यावरण भारती ने शुरू किया पौधारोपण और बीजारोपण अभियान

  • Post By Admin on May 15 2026
विश्व परिवार दिवस पर पर्यावरण भारती ने शुरू किया पौधारोपण और बीजारोपण अभियान

लखीसराय : विश्व परिवार दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण एवं बीजारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राज कुमार शर्मा ने किया, जबकि इंजीनियर विनय कुमार ने सहयोग किया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिवार और प्रकृति के बीच आत्मीय संबंध को मजबूत बनाना बताया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन के कारण ही जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण अभियान से जुड़ना होगा। उन्होंने बताया कि पृथ्वी पर संतुलन बनाए रखने के लिए 33 प्रतिशत जंगल आवश्यक माने जाते हैं, लेकिन बढ़ती जनसंख्या और अंधाधुंध कटाई के कारण अब केवल 15 प्रतिशत जंगल ही शेष बचे हैं। यही कारण है कि प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि प्राचीन समय में किसान प्राकृतिक बीजों का संग्रह कर “सीड्स बैंक” बनाते थे और एक-दूसरे को बीज उपलब्ध कराते थे। वर्तमान समय में किसानों को हर वर्ष बाजार से नए बीज खरीदने पड़ते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक बीज संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। विश्व परिवार दिवस पर प्रत्येक परिवार से कम-से-कम 10 बीजों का बीजारोपण कर पौधे तैयार करने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार परिवार के बच्चों के प्रति ममत्व होता है, उसी प्रकार पौधों के प्रति भी अपनापन विकसित होना चाहिए। पर्यावरण प्रांत टोली सदस्य हरे राम सिंह ने बताया कि पहली बार 15 मई 1993 को विश्व परिवार दिवस मनाया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरान-अमेरिका तनाव के कारण तेल संकट और महंगाई जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम में संयुक्त परिवार व्यवस्था के महत्व पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि परिवार ही बच्चों को संस्कार, अनुशासन और सामाजिक ज्ञान प्रदान करता है। सुख-दुख में परिवार का साथ ही मानव जीवन की सबसे बड़ी ताकत होती है। विदेशी लेखक माइकल जे. फॉक्स के कथन का उल्लेख करते हुए कहा गया कि “परिवार कोई मामूली चीज नहीं है, बल्कि परिवार ही हर मानव के लिए सबकुछ है।”

कार्यक्रम में राज कुमार शर्मा, इंजीनियर विनय कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, हरे राम सिंह, संजीत कुमार यादव, सिंटू कुमार, राहुल सिंह, शेषनाथ राय, संजय कुमार, लक्ष्मण मोदी, ब्रह्मदेव, विशाल सहित कई लोग मौजूद रहे।