डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के स्मरण पर्व पर भाजपा ने दोहराया 'राष्ट्र प्रथम' का संकल्प

  • Post By Admin on Jul 06 2026
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के स्मरण पर्व पर भाजपा ने दोहराया 'राष्ट्र प्रथम' का संकल्प

लखीसराय : भारतीय जनता पार्टी के लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में रविवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पर्व के अवसर पर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन एवं जनकल्याण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों और संगठन के प्रति उनके योगदान को याद किया।

सम्मेलन में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व मंत्री जनक राम, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, जिला प्रभारी संजय सिंह तथा पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व मंत्री जनक राम का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और विकसित बिहार तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यकर्ता सम्मेलन से पहले आयोजित जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में लखीसराय एवं आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों से संवाद किया गया। इस दौरान नागरिकों ने अपनी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं नेताओं के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश देने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा जनसेवा के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया।