पीडीएस व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, लखीसराय में 91 उचित मूल्य दुकानों पर होगी बहाली
- Post By Admin on Jul 27 2026
लखीसराय : जिले में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने नई नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक में पीडीएस विक्रेताओं की रिक्त दुकानों, राशन कार्ड निर्माण और सहकारिता विभाग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
बैठक में पूर्व के निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले में पीडीएस विक्रेताओं की 106 रिक्त दुकानों का भौतिक सत्यापन कराया गया है। समीक्षा के दौरान 15 रिक्तियों के स्थान परिवर्तन, 15 रिक्तियों को समाप्त करने तथा 76 रिक्तियों को यथावत रखने की अनुशंसा की गई। इसके बाद जिले में कुल 91 रिक्तियों पर नई नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इन 91 रिक्तियों के आधार पर नए सिरे से रोस्टर तैयार किया जाए। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर भौतिक सत्यापन कर अंतिम रोस्टर जिला स्थापना उपसमाहर्ता को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य सचिव, बिहार द्वारा राशन कार्ड निर्माण की समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को 5 अगस्त 2026 तक नए राशन कार्डों का निर्माण एवं वितरण निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। इस दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी ने जानकारी दी कि हलसी, सूर्यगढ़ा और बड़हिया प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी समिति (PVGS) के गठन के लिए लगभग 10 हजार वर्ग फीट भूमि की आवश्यकता है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अंचल अधिकारियों को आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि जन वितरण प्रणाली से जुड़े सभी कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी जिम्मेदारियों का समय सीमा के भीतर निर्वहन करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला सहकारिता पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित रहे।