लखीसराय में नीरा उत्पादन सह बिक्री केंद्र का शुभारंभ, 23 जीविका दीदियों को मिला रोजगार

  • Post By Admin on May 16 2026
लखीसराय में नीरा उत्पादन सह बिक्री केंद्र का शुभारंभ, 23 जीविका दीदियों को मिला रोजगार

लखीसराय: जिले में जीविका दीदियों की आत्मनिर्भरता को नई मजबूती देते हुए लखीसराय सदर प्रखंड के रामनगर अमहरा गांव में नीरा उत्पादन सह बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के शुरू होने से 23 जीविका दीदियों को रोजगार का अवसर मिला है।

पारंपरिक ताड़ी व्यवसाय से अलग राह अपनाते हुए जीविका दीदियां पिछले पांच वर्षों से जिले में नीरा उत्पादन और बिक्री का कार्य कर रही हैं। वर्तमान में जिले में कुल सात नीरा उत्पादक समूह सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। इससे महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ समाज में सम्मान भी प्राप्त हो रहा है। रामनगर अमहरा गांव में स्थापित नए केंद्र का संचालन सूरज जीविका महिला नीरा उत्पादक समूह द्वारा किया जाएगा। केंद्र का उद्घाटन अनीता देवी ने किया। जानकारी के अनुसार, इससे पहले रामगढ़ चौक प्रखंड के तेतरहाट गांव में भी तीन नीरा उत्पादन सह बिक्री केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। वहीं हलसी और सूर्यगढ़ा प्रखंड में भी नीरा उत्पादन एवं बिक्री केंद्र खोलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

जीविका से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि नीरा उत्पादन और बिक्री से उन्हें न केवल रोजगार मिला है, बल्कि समाज में पहचान और सम्मान भी बढ़ा है। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।