राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर थाना प्रभारियों के साथ बैठक, 14 थानाध्यक्षों से मांगा स्पष्टीकरण
- Post By Admin on Aug 20 2026
लखीसराय: को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय की ओर से विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ बैठक की गई। बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर के प्रकोष्ठ में आयोजित हुई।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए विभिन्न न्यायालयों से संबंधित अभिलेखों को चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है। चिन्हित मामलों में संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्री-लिटिगेशन मामलों में भी पक्षकारों को नोटिस भेजा जा रहा है। बैठक में थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि जारी किए गए नोटिस का समय पर तामिला सुनिश्चित करें। नोटिस की तामिला के बाद संबंधित तामिला प्रतिवेदन भी निर्धारित समय पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यालय में जमा कराने को कहा गया। अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में आम लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करने का भी निर्देश दिया गया। लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों के आपसी समझौते एवं सुलह के आधार पर निष्पादन का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में बड़हिया, सूर्यगढ़ा, हलसी, चानन, पीरी बाजार, कजरा, मानिकपुर, मेदनी चौकी, किऊल, हरिजन थाना, तेतरहाट, अमहरा और बन्नूबगीचा सहित कई थानों के प्रभारी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हुए। बैठक में अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा नोटिस की तामिला और लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।