मुखर्जी सेमिनरी हाई स्कूल में सेवा एवं संकल्प विकास अभियान आयोजित

  • Post By Admin on Sep 17 2026
मुखर्जी सेमिनरी हाई स्कूल में सेवा एवं संकल्प विकास अभियान आयोजित

मुजफ्फरपुर : मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में युवा शक्ति क्लब द्वारा 17 सितंबर 2026 को मुखर्जी सेमिनरी हाई स्कूल में सेवा एवं संकल्प विकास अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनसीसी एएनओ बालमुकुंद कुमार तथा विशिष्ट अतिथि लेखा कार्यक्रम एवं पर्यवेक्षक विनय कुमार मिश्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर लेखा कार्यक्रम एवं पर्यवेक्षक विनय कुमार मिश्र ने कहा कि जिस प्रकार जीवन के लिए जल आवश्यक है, उसी प्रकार स्वच्छ हवा भी स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदूषित वातावरण को शुद्ध करने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और संरक्षण पर भी ध्यान देना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनसीसी एएनओ बालमुकुंद कुमार ने की। उन्होंने युवाओं से कम से कम एक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। अभियान के तहत वृक्षारोपण, भाषण प्रतियोगिता और सेमिनार सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने युवाओं को देशभक्ति, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक चंदन कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक धर्मेंद्र कुमार और मुशहरी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संतोष कुमार सहित मीनापुर के स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। वहीं, युवा शक्ति क्लब के अध्यक्ष पीयूष बांका सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।