मोबाइल ऐप से चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का खेल, मुजफ्फरपुर पुलिस ने 12 को दबोचा
- Post By Admin on Sep 04 2026
मुजफ्फरपुर : अवैध सट्टा, जुआ और ऑनलाइन लॉटरी गेमिंग के खिलाफ मुजफ्फरपुर पुलिस के विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एसएसपी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने भगवानपुर इलाके में छापेमारी कर ऑनलाइन माध्यम से सट्टेबाजी संचालित करने वाले 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लॉटरी गेमिंग की आड़ में सट्टे का कारोबार चला रहे थे।
पुलिस को भगवानपुर क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग लॉटरी के जरिए सट्टेबाजी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम ने संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस की अचानक कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई और कई ने भागने की कोशिश की। हालांकि, इलाके की घेराबंदी कर पुलिस ने 12 लोगों को मौके से पकड़ लिया।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिवाकर आनंद, मिथुन कुमार, प्रकाश चन्द्र जैन, मनोज कुमार, संजीत पासवान, जितेन्द्र कुमार और राजेश कुमार के रूप में हुई है, जो सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। इसके अलावा साहेबगंज के नीरज कुमार, काजी मोहम्मदपुर के मो. जलालुद्दीन, नगर थाना क्षेत्र के शशिभूषण और पारू के चन्द्रभूषण राउत को भी गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपी मनोज कुमार सिंह वैशाली जिले के महुआ का निवासी है।
12 मोबाइल और 12,110 रुपए नकद बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल और अन्य सामान भी जब्त किए। मौके से 12 स्मार्टफोन, दो कैलकुलेटर, 12 कोरी लॉगबुक और तीन कटी हुई पर्ची लॉगबुक बरामद हुईं। इसके अलावा पुलिस ने 12,110 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। बरामद सामान के आधार पर पुलिस सट्टेबाजी के पूरे संचालन और लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश
सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य संचालक की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही गिरोह के संपर्क किन-किन शहरों और इलाकों से जुड़े हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपियों के बैंक खातों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल के जरिए नेटवर्क के आर्थिक और आपराधिक कनेक्शन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।