चंदवारा पुल निर्माण में गड़बड़ी, ठेकेदार पर दो साल का प्रतिबंध
- Post By Admin on Sep 05 2026
मुजफ्फरपुर: शहर के बहुप्रतीक्षित चंदवारा पुल के निर्माण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। निर्माण कार्य में गंभीर तकनीकी खामियां मिलने के बाद राज्य पुल निर्माण निगम ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। ठेकेदार को दो वर्षों के लिए टेंडर प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है।
जांच के दौरान पुल निर्माण में कई स्तरों पर तकनीकी कमियां सामने आने की बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार कुछ रेलिंग क्षतिग्रस्त मिलीं, वहीं पिलर के सॉफ्ट कैप और वेल कैप में स्टील दिखाई देने की बात सामने आई। इसके अलावा पिलर और गर्डर में हेयर क्रैक यानी हल्की दरारें भी पाई गईं। पुल के अलग-अलग स्पैन में उचित ड्रेनेज की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे।
निर्माण गुणवत्ता की जांच के बाद ठेकेदार से स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन अधिकारियों ने उसके जवाब को संतोषजनक नहीं माना। इसके बाद कार्रवाई की अनुशंसा की गई और राज्य पुल निर्माण निगम के एमडी के आदेश पर ठेकेदार को 26 जुलाई 2028 तक किसी भी टेंडर में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। चंदवारा पुल पहले से ही शहर के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जाता रहा है। ऐसे में निर्माण गुणवत्ता पर हुई कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों की नजर अब पुल की तकनीकी सुरक्षा और आगे होने वाले निर्माण कार्य पर बनी हुई है।