लखीसराय में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अनुपालन को लेकर मोबाइल टीम होगी गठित
- Post By Admin on May 15 2026
लखीसराय: ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी अनुपालन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की। इस दौरान नगर निकाय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, कचरा पृथक्करण सुनिश्चित करने तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत उप विकास आयुक्त द्वारा सभी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने बैठक के उद्देश्य एवं सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। जिला पदाधिकारी ने बैठक में निर्देश दिया कि सभी नगर निकायों में विशेष मोबाइल टीम का गठन किया जाएगा। संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी इस टीम के नोडल अधिकारी होंगे। यह टीम नियमित रूप से नगर क्षेत्रों का निरीक्षण करेगी तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुपालन की निगरानी करेगी। डीएम ने स्पष्ट कहा कि खुले में कचरा फेंकने, कचरा जलाने, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण नहीं करने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा लोगों को कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष अरविंद पासवान, सभी कार्यपालक पदाधिकारी, नगर निकाय प्रतिनिधि, लखीसराय टाउन एवं सूर्यगढ़ा थाना प्रभारी सहित कई अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।