अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का सदस्यता अभियान शुरू

  • Post By Admin on Aug 01 2024
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का सदस्यता अभियान शुरू

मुजफ्फरपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर इकाई ने 1 अगस्त से 31 अगस्त तक चलाए जाने वाले सदस्यता अभियान का गुरुवार को उद्घाटन किया गया। इस अभियान के तहत नगर के प्लस टू हाई स्कूल और अन्य हाई स्कूलों में सदस्यता अभियान चलाया गया।

राजकीय कृत तिरहुत एकेडमी, अघोरिया बाजार में इस अभियान का आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने खुशी-खुशी अपनी सदस्यता प्राप्त की।

एबीवीपी के प्रांत कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य केसरी नंदन शर्मा ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन का सदस्य बनना गर्व की बात है। छात्र सदस्य बनकर अपना व्यक्तित्व और बौद्धिक विकास कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एबीवीपी का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय पुनर्निर्माण है और छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति होती है।

प्रांत सदस्यता अभियान सह प्रमुख कुमारी नैना ने बताया कि एबीवीपी साल में केवल एक बार सदस्यता अभियान चलाती है, जिससे छात्रों को राष्ट्रीय एकता, समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता प्राप्त होती है।

जिला सदस्यता अभियान प्रमुख सुशांत सिंह ने कहा कि एबीवीपी ने अपने स्थापना काल से ही छात्र हित और राष्ट्रीय मुद्दों को प्रमुखता दी है। उन्होंने बांग्लादेशी अवैध घुसपैठ और धारा 370 हटाने के आंदोलनों का उल्लेख किया और बताया कि परिषद ने बिहार में सबसे अधिक रक्तदान का रिकॉर्ड बनाया है।

इस मौके पर क्षेत्रीय छात्र कार्य प्रमुख ममता कुमारी, मनीष कुमार, अंकित आनंद, अर्नब आनंद, अंजली कुमारी, आलोक, सलोनी और सुभाष कार्तिक कुमार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।