सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य अभियान को लेकर लखीसराय में स्कूल प्राचार्यों की बैठक
- Post By Admin on May 25 2026
लखीसराय : “सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” अभियान के तहत सोमवार को लखीसराय में जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्राचार्यों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जागृति स्कीम 2025 एवं पॉक्सो एक्ट के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के तत्वावधान में आयोजित हुई।
बैठक का आयोजन माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के निर्देश पर डालसा सचिव श्री विद्यानंद सागर के प्रकोष्ठ में किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य शामिल हुए। बैठक के दौरान “सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” अभियान एवं पॉक्सो एक्ट-2012 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यालयों में लीगल अवेयरनेस कॉर्नर चिह्नित करने और हेल्प बॉक्स स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही हेल्पलाइन नंबर एवं अन्य आवश्यक संपर्क नंबरों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने को कहा गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्कूलों में पॉक्सो एक्ट और बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके तहत नुक्कड़ नाटक, ऑडियो-वीडियो विजुअल प्रस्तुति, अभिभावकों के साथ बैठक तथा शिक्षकों को संवेदनशील बनाकर जागरूकता फैलाने की पहल की जाएगी। कार्यक्रम में भविष्य भारती शिक्षा सेवा सदन, नाथ पब्लिक स्कूल, भीमराव अंबेडकर बालिका आवासीय उच्च विद्यालय, पब्लिक उच्च विद्यालय सूर्यगढ़ा, राजकीय हसनपुर उच्च विद्यालय, आरएल कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य उपस्थित रहे।