लखीसराय में सुरक्षित बचपन अभियान को लेकर अधिकारियों और हितधारकों की बैठक
- Post By Admin on May 18 2026
लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखीसराय के प्रकोष्ठ में “सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” अभियान को लेकर जागरूकता यूनिट की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जागृति स्कीम 2025 के तहत माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, लखीसराय के निर्देश पर आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता सचिव सह अभियान नोडल पदाधिकारी श्री विद्यानंद सागर ने की। बैठक में डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, बाल संरक्षण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के परामर्शी पंकज कुमार, जिला मिशन समन्वयक डीएचईडब्ल्यू, विधि परिवीक्षा अधिकारी सरिता कुमारी, सीडब्ल्यूसी सदस्य सिमी कुमारी, पैनल अधिवक्ता मो. एजाज आलम, पीएलवी जूली कुमारी एवं पंकज कुमार सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान निजी एवं सरकारी विद्यालयों तथा विभिन्न संस्थानों में अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता को लेकर रणनीति तैयार की गई। फ्लेक्स, पोस्टर, ऑडियो एवं विजुअल माध्यमों के जरिए लोगों तक जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया। साथ ही संस्थानों में हेल्प बॉक्स लगाने और प्रत्येक संस्थान में लीगल अवेयरनेस कॉर्नर स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस पदाधिकारियों को भी अभियान के प्रति जागरूक करने तथा पॉक्सो एक्ट 2012 से संबंधित जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया गया। सभी हितधारकों से अनुरोध किया गया कि वे शिक्षा संस्थानों में जागरूकता फैलाकर बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करें। अधिकारियों ने कहा कि “सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उनके अधिकारों के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना है।