लखीसराय में महाजाम से हाहाकार, ट्रकों की लंबी कतारों में फंसी जनता

  • Post By Admin on May 27 2026
लखीसराय में महाजाम से हाहाकार, ट्रकों की लंबी कतारों में फंसी जनता

लखीसराय : शहर में प्रवेश मार्ग पर भारी वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही के कारण विद्यापीठ चौक से बड़हिया रोड स्थित पेट्रोल पंप तक भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़क पर ट्रकों की लंबी कतारों के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि मोटरसाइकिल निकालना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार नो-एंट्री खुलने से काफी पहले ही ट्रक चालक सड़क किनारे वाहनों की कतार लगा देते हैं। कई जगहों पर दो से तीन पंक्तियों में ट्रक खड़े रहने से नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। जाम के कारण पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और फुटपाथ तक अतिक्रमित हो चुके हैं।

सबसे अधिक परेशानी विद्यापीठ चौक से लेकर बड़हिया रोड पेट्रोल पंप तक देखी जा रही है, जहां सड़क का बड़ा हिस्सा भारी वाहनों के कब्जे में रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने में प्रशासन विफल साबित हो रहा है। लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

नागरिकों का कहना है कि लगातार लग रहे जाम से एम्बुलेंस और जरूरी सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई कर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़क पर अनियंत्रित तरीके से खड़े ट्रकों पर सख्ती बरतने की मांग की है।