मंडी भूस्खलन : मलबे में दबे 6 लोगों की मौत, सीएम ने राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

  • Post By Admin on Sep 03 2025
मंडी भूस्खलन : मलबे में दबे 6 लोगों की मौत, सीएम ने राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में मंगलवार शाम हुए भीषण भूस्खलन ने तबाही मचा दी है। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है।

जानकारी के अनुसार, जंगम बाग बीबीएमबी कॉलोनी में पहाड़ी दरकने से दो घर मलबे में दब गए। राहत कार्य के दौरान मलबे से सुरेंद्र कौर और उनके बेटे गुरप्रीत सिंह के शव छत काटकर निकाले गए। वहीं, डढ़याल निवासी प्रकाश शर्मा का शव उनके स्कूटर सहित मलबे में मिला। सभी शव पोस्टमार्टम के लिए सुंदरनगर अस्पताल भेजे गए हैं।

राहत और बचाव कार्य में सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें जुटी हुई हैं। एक टाटा सूमो गाड़ी भी मलबे में दब गई है, जिसका कुछ हिस्सा निकाला गया है। गाड़ी में सवार लोगों की तलाश जारी है। भारी बारिश के बावजूद चार से पांच जेसीबी मशीनों और स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार चल रहा है।

हादसे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश और भूस्खलन ने प्रदेश में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा, "यह हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक समय है।"

सुक्खू ने बताया कि आपदा से कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, नदियां-नाले उफान पर हैं और कई जगहों से भूस्खलन की खबरें मिल रही हैं। उन्होंने लोगों से प्रशासनिक एडवाइजरी का पालन करने, जोखिम भरे इलाकों में न जाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की।