मननपुर जलापूर्ति योजना में बड़ी गड़बड़ी, डीएम ने जताई नाराजगी

  • Post By Admin on May 30 2026
मननपुर जलापूर्ति योजना में बड़ी गड़बड़ी, डीएम ने जताई नाराजगी

लखीसराय : मननपुर ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजना के तहत इटौन ग्राम में किए गए स्थलीय निरीक्षण के दौरान योजना के संचालन और क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, उप विकास आयुक्त तथा अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में 28 मई को किए गए निरीक्षण में पाया गया कि योजना से जुड़े कई कार्य वर्षों से लंबित हैं और ग्रामीणों को अपेक्षित जलापूर्ति नहीं मिल रही है।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि मननपुर ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजना के अंतर्गत गोपालपुर गांव में वर्ष 2018 से अब तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। पर्याप्त मात्रा में पानी का वितरण नहीं होने के कारण लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। निरीक्षण रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित कार्यकारी एजेंसी द्वारा कार्य निष्पादन में गंभीर लापरवाही बरती गई है। तकनीकी कमियों और अपर्याप्त संरचनात्मक व्यवस्था के कारण योजना वर्षों बाद भी पूरी तरह चालू नहीं हो सकी है। स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को तत्काल जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। साथ ही तकनीकी खामियों, डिस्चार्ज की समस्या, पंपिंग व्यवस्था, पाइप लाइन, वाल्व संचालन और वितरण प्रणाली की समुचित जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी प्रशासनिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा वर्ष 2018 से अब तक योजना प्रारंभ नहीं होने के कारणों की विस्तृत जांच कर जिम्मेदार अभियंताओं एवं संबंधित संवेदकों की पहचान करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने तथा विभागीय कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को योजना की दैनिक निगरानी करते हुए प्रतिदिन प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।