मेजर ध्यानचंद की स्मृति में कबड्डी प्रतियोगिता, विज्ञान संकाय की टीम ने जीती ट्रॉफी
- Post By Admin on Sep 03 2026
मुजफ्फरपुर: महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में रामेश्वर महाविद्यालय के रामेश्वर स्मृति उद्यान में कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। महाविद्यालय के खेल प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में कला और विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों की टीमों ने हिस्सा लिया। मुकाबले में खिलाड़ियों ने जोश, अनुशासन और टीमवर्क का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद के व्यक्तित्व और भारतीय खेल जगत में उनके योगदान को याद करते हुए हुई। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके खेल जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। नियमित खेल गतिविधियों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील की। प्राचार्य ने मेजर ध्यानचंद के जीवन को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के जरिए उन्होंने भारतीय हॉकी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. शारदा नंद सहनी ने कबड्डी को भारतीय परंपरा से जुड़ा खेल बताते हुए कहा कि यह खिलाड़ियों में शारीरिक दक्षता के साथ रणनीति, त्वरित निर्णय और टीम के साथ बेहतर तालमेल की क्षमता विकसित करता है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर देती हैं। हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. उपेंद्र प्रसाद ने प्रतिभागियों को नियमों का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और निष्पक्ष खेल भावना के साथ मुकाबले में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल में प्रतिद्वंद्वी के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना भी जीत जितनी ही महत्वपूर्ण है।
प्रतियोगिता के समापन पर विज्ञान संकाय की विजेता टीम को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए गए, जबकि कला संकाय की टीम उपविजेता रही। आयोजन डॉ. उपेंद्र प्रसाद और जंतु विज्ञान विभाग के डॉ. धीरज कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ। एनसीसी पदाधिकारी प्रो. रजनी रंजन ने प्रतिभागी खिलाड़ियों, शिक्षकों और सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए महाविद्यालय में आगे भी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के अलावा शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।