महाराष्ट्र : दही हांडी उत्सव में अलग-अलग हादसों में दो की मौत, 200 से अधिक घायल

  • Post By Admin on Aug 17 2025
महाराष्ट्र : दही हांडी उत्सव में अलग-अलग हादसों में दो की मौत, 200 से अधिक घायल

मुंबई : देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मथुरा-वृंदावन सहित देशभर के मंदिरों में आधी रात को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की आरती गूंज उठी। लेकिन महाराष्ट्र में हर्षोल्लास के बीच दही हांडी उत्सव के दौरान कई जगह हादसे हुए, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई और 200 से अधिक लोग घायल हो गए।

मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ। यहां 35 वर्षीय जगमोहन शिवकिरण चौधरी की दही हांडी बांधते समय पहली मंजिल से गिरकर मौत हो गई। उन्हें तत्काल शताब्दी गोवंडी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी घटना में महज 14 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई, जिससे जन्माष्टमी की खुशियां मातम में बदल गईं।

ब्रिहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) और सरकारी अस्पतालों की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार रात 12:30 बजे तक 210 लोगों के घायल होने की सूचना मिली। इनमें से 68 लोगों का इलाज अभी भी जारी है, जबकि 142 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सेंट्रल मुंबई के अस्पतालों में 91 घायल दर्ज हुए, जिनमें 60 का इलाज जारी है। इसके अलावा पूर्वी उपनगरों में 45 और पश्चिमी उपनगरों में 74 लोग घायल हुए।

डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश घायलों की स्थिति सामान्य है और संभावना है कि रविवार-सोमवार तक सभी को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।

गौरतलब है कि दही हांडी उत्सव भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को समर्पित है। मान्यता है कि बाल कृष्ण अपने दोस्तों के साथ मिलकर मटकी फोड़कर माखन का आनंद लेते थे। इसी परंपरा को जीवित रखने के लिए मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में बड़े पैमाने पर दही हांडी का आयोजन होता है, जिसमें हजारों गोविंदा ऊंची-ऊंची मानवीय पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ते हैं।

लेकिन इस बार जन्माष्टमी की खुशियों में हादसों ने कड़वाहट घोल दी और कई परिवारों में मातम का माहौल छा गया।