जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत सबसे दूर, सबसे पहले अभियान का शुभारंभ
- Post By Admin on May 18 2026
लखीसराय : जनजातीय गरिमा उत्सव के अंतर्गत जनभागीदारी अभियान “सबसे दूर, सबसे पहले” का शुभारंभ सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार द्वारा किया गया। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ एवं अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन अनुसूचित जनजाति समुदाय के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन क्षेत्रों तक प्रशासनिक सेवाएं पहुंचाना है, जहां अब तक योजनाओं का लाभ सीमित रूप से पहुंच पाया है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई के दौरान अनुसूचित जनजाति समुदाय से जुड़े लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला कल्याण पदाधिकारी सह अभियान के नोडल पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य अनुसूचित जनजाति समुदाय के बीच जागरूकता बढ़ाना, सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सूर्यगढ़ा प्रखंड के आठ अनुसूचित जनजाति बहुल गांवों में 19 मई से 23 मई 2026 तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभाग संयुक्त रूप से भाग लेकर आम लोगों से विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त करेंगे तथा उनका त्वरित निष्पादन किया जाएगा।
शिविरों के दौरान प्रमाण पत्र वितरण, सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं। प्रशासन की ओर से अभियान को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।