लखीसराय के लाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने बिहार रेल आईजी

  • Post By Admin on Jul 02 2026
लखीसराय के लाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने बिहार रेल आईजी

लखीसराय : जिले के लिए गर्व की बात है कि टाउन थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार नया टोला वार्ड संख्या-10 निवासी एवं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पंकज कुमार राज को बिहार रेल आईजी (पुलिस महानिरीक्षक) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके इस पद पर नियुक्त होने की सूचना मिलते ही पैतृक आवास पर समर्थकों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर इस उपलब्धि का स्वागत किया और इसे लखीसराय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

स्वर्गीय विपिन प्रसाद एवं नीलम देवी के पुत्र पंकज कुमार राज लंबे समय से पुलिस सेवा में अपनी दक्षता और ईमानदार कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। अब उन्हें बिहार में रेल यात्रियों की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। नए दायित्व का कार्यभार संभालने के बाद पंकज कुमार राज ने कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि रेल पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि यात्रियों के बीच सुरक्षा, विश्वास, सहयोग और सहायता की भावना को भी मजबूत करना है। प्रत्येक यात्री सुरक्षित और सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंचे, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जीआरपी, रेल थाना और रेल सुरक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका मनोबल भी बढ़ाया जाएगा।

पंकज कुमार राज ने कहा कि बदलते समय के साथ अपराध के तरीके भी बदल रहे हैं। ऐसे में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग, बेहतर निगरानी व्यवस्था और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर रेल यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। लखीसराय के लोगों ने उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार की रेल सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद माहौल मिलेगा।