प्रगति मार्च, विकास मेला और वृक्षारोपण के साथ धूमधाम से मना लखीसराय का 33वां स्थापना दिवस

  • Post By Admin on Jul 03 2026
प्रगति मार्च, विकास मेला और वृक्षारोपण के साथ धूमधाम से मना लखीसराय का 33वां स्थापना दिवस

लखीसराय : लखीसराय जिले के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिलेभर में विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत समाहरणालय परिसर से निकाली गई 'प्रगति मार्च' से हुई, जिसे जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्थापना दिवस के अवसर पर विकास, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जिले की उपलब्धियों और भविष्य की विकास यात्रा को रेखांकित किया गया।

प्रगति मार्च में जिले के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सरकारी कर्मियों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाहरणालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यह मार्च कृमिला पार्क पहुंचा। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने विकास, स्वच्छता और जन-जागरूकता से जुड़े संदेश देकर आम लोगों को जागरूक किया। मार्च के दौरान शहर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। इसके बाद कृमिला पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई, ताकि हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके।

स्थापना दिवस समारोह के तहत केआरके मैदान में आयोजित विकास मेले एवं विभिन्न विभागों के स्टॉलों का उद्घाटन जिला पदाधिकारी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से संचालित योजनाओं की प्रगति तथा लाभार्थियों तक उनकी पहुंच की जानकारी ली। मेले में लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित टीबी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों के बीच पोषण सहायता के रूप में फूड पैकेट का वितरण भी किया गया। जिला पदाधिकारी ने लाभार्थियों को फूड पैकेट प्रदान करते हुए टीबी मुक्त समाज के निर्माण में सभी से सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, उपचार और पोषण के माध्यम से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

33वें स्थापना दिवस समारोह में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पाण्डेय, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान जिले के विकास, जनसहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।