छात्रों की समस्याओं के समाधान को लेकर लखीसराय में पहल, 24 संस्थानों में लगा सहयोग शिविर
- Post By Admin on Aug 25 2026
लखीसराय : सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार के निर्देशानुसार विद्यार्थियों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए मंगलवार को जिले के 24 सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को आयोजित होने वाले इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
जिले में आयोजित शिविरों में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों, अंगीभूत एवं राजकीय महाविद्यालयों, सरकारी पॉलिटेक्निक, आईटीआई, इंजीनियरिंग कॉलेज, छात्रावास, एएनएम स्कूल, जीएमएम स्कूल और पारा मेडिकल संस्थानों को शामिल किया गया। शिविर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं संस्थागत समस्याओं को प्रमुखता से सुना गया। इनमें समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होना, प्राध्यापकों एवं शिक्षकों का कक्षा में समय पर नहीं पहुंचना या अनुपस्थित रहना, समय पर परीक्षा का आयोजन नहीं होना, परीक्षाफल के प्रकाशन में देरी, अनधिकृत फीस या शुल्क की वसूली जैसी शिकायतें शामिल थीं।
इसके अलावा कक्षाओं में बिजली और बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशालाओं की सुविधा, पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई, कोचिंग से संबंधित समस्याओं तथा विधि-व्यवस्था से जुड़ी अन्य शिकायतों के समाधान पर भी ध्यान दिया गया। जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार 25 अगस्त को आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविरों में सभी 24 शिक्षण संस्थानों से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन किया गया। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने और उनके समाधान के लिए प्रभावी माध्यम उपलब्ध कराया गया।
जिले में जिन संस्थानों में शिविर आयोजित किया गया, उनमें बीएनएम कॉलेज बड़हिया, केएसएस कॉलेज लखीसराय, राजकीय पॉलिटेक्निक लखीसराय, आईटीआई लखीसराय, महिला आईटीआई तेतरहट, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज हलसी, राजकीय डिग्री कॉलेज रामगढ़ चौक, पिपरिया, हलसी एवं चानन समेत विभिन्न कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय और छात्रावास शामिल हैं।