नाबालिग टोटो चालकों पर सख्ती, 22 वाहनों की जांच कर 82,500 रुपए का जुर्माना
- Post By Admin on Sep 01 2026
लखीसराय : नाबालिगों द्वारा टोटो चलाने, बिना जरूरी दस्तावेज वाहन संचालन और यातायात नियमों की अनदेखी के मामलों पर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। आम लोगों से मिली शिकायतों के बाद विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाकर टोटो, मोटरसाइकिल समेत अन्य वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान कुल 22 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 82,500 रुपए का चालान किया गया।
जांच के दौरान टोटो चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाण-पत्र समेत अन्य जरूरी कागजातों की पड़ताल की गई। मोटरसाइकिल चालकों के हेलमेट की भी जांच हुई। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। विभाग ने नाबालिग और अप्रशिक्षित चालकों द्वारा टोटो चलाने को सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम बताया है। ऐसे चालकों के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ने के साथ वाहन संचालन में लापरवाही की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। वहीं, गलत तरीके से वाहनों की पार्किंग से शहर में जाम की समस्या को देखते हुए ऐसे वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग के अनुसार, टोटो मालिकों और चालकों को पहले भी नाबालिगों से वाहन का परिचालन नहीं कराने की चेतावनी दी जा चुकी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों की सुरक्षा और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आने वाले दिनों में भी जांच अभियान जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने टोटो चालकों और वाहन मालिकों से अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने तथा केवल वैध ड्राइविंग लाइसेंसधारी चालक से ही वाहन चलवाने की अपील की है। ऑटो, टोटो और ट्रैक्टर चालकों से ओवरस्पीडिंग से बचने और सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने को कहा गया है, ताकि जाम की स्थिति न बने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।