लखीसराय में ट्रैफिक जांच तेज, नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर लगा जुर्माना
- Post By Admin on Sep 02 2026
लखीसराय : सड़क सुरक्षा और शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। आम लोगों से मिली शिकायतों के बाद चलाए गए इस अभियान में खास तौर पर मोटरसाइकिल चालकों के हेलमेट इस्तेमाल और वाहनों के जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 32 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 64,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, निबंधन प्रमाण-पत्र समेत अन्य आवश्यक कागजातों की पड़ताल की। मोटरसाइकिल चालकों के हेलमेट इस्तेमाल की भी जांच की गई। निर्धारित यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। शहर में यातायात को सुचारु रखने के लिए गलत और अवैध तरीके से वाहन पार्क करने वालों पर भी विभाग की नजर रही। अधिकारियों के अनुसार सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने से जाम की स्थिति पैदा होती है और राहगीरों एवं अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है। ऐसे मामलों में भी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने बताया कि यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में रोस्टर के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में विशेष जांच की जाएगी। इसके तहत ओवरलोडिंग, हेलमेट और सीट बेल्ट, निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, गलत पार्किंग, तेज गति से वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच की जाएगी।
विभाग ने वाहन चालकों और मालिकों से अपने सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने की अपील की है। वाहन का संचालन केवल वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने वाले चालक से कराने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने को कहा गया है। साथ ही सड़क पर गलत स्थान पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने की अपील की गई है।