जाम से कराह रहा लखीसराय, बायपास पुल की बदहाली ने बढ़ाई शहरवासियों की परेशानी
- Post By Admin on Aug 27 2026
लखीसराय : शहर में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। हालात इतने खराब हैं कि करीब पांच किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को एक घंटे तक का समय लग रहा है। सड़कों पर अतिक्रमण, बेतरतीब पार्किंग और सवारी वाहनों की मनमानी ओवरटेकिंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित है। रोजाना लगने वाले जाम से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से बायपास पुल का निर्माण कराया गया था। इसके लिए लंबे समय तक आंदोलन और संघर्ष भी किया गया। हालांकि, पुल निर्माण के बाद इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे और बाद में पुल में दरारें आने की शिकायत सामने आई। मौजूदा स्थिति में पुल से यातायात सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। पुल में आई खराबी का मामला पहले भी प्रशासन के संज्ञान में आया था। उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी के स्तर से कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य कराया गया था। लेकिन अब दोबारा पुल की स्थिति खराब होने से यातायात व्यवस्था पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। बायपास का विकल्प प्रभावी नहीं रहने के कारण शहर की मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
दूसरी ओर, शहर की प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या भी यातायात के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। सड़क किनारे दुकानों और अन्य गतिविधियों के कारण कई जगह सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। इसके अलावा सवारी वाहनों की मनमानी और एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश जाम की स्थिति को और गंभीर बना देती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की समस्या नई नहीं है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, अतिक्रमण हटाने और खराब पड़े बायपास पुल को दुरुस्त कराने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की ओर से ठोस पहल नहीं होने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
लगातार जाम के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और रोजमर्रा के काम से निकलने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। शहरवासियों की मांग है कि प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाए, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराए और बायपास पुल की समस्या का स्थायी समाधान निकाले, ताकि लखीसराय को जाम की समस्या से राहत मिल सके।