33वें स्थापना दिवस पर जश्न में डूबेगा लखीसराय, दो दिनों तक होंगे भव्य आयोजन

  • Post By Admin on Jul 01 2026
33वें स्थापना दिवस पर जश्न में डूबेगा लखीसराय, दो दिनों तक होंगे भव्य आयोजन

लखीसराय : लखीसराय जिले के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से 2 और 3 जुलाई को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिले की गौरवशाली यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से दो दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।

स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर 2 जुलाई को शाम 6 बजे जिला अतिथि गृह के सामने स्थित परिया पोखर परिसर में सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, व्यवसायियों, विभिन्न संस्थाओं और आम नागरिकों से एक-एक दीप जलाकर जिले के स्थापना दिवस के प्रति सम्मान और सहभागिता प्रकट करने की अपील की गई है।

वहीं, 3 जुलाई को जिले का 33वां स्थापना दिवस विविध कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। सुबह 6 बजे गांधी मैदान से कृमिला पार्क तक प्रगति मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद सुबह 7 बजे कृमिला पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। पूर्वाह्न 11:30 बजे केआरके मैदान में विकास मेले का उद्घाटन किया जाएगा, जहां विभिन्न विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन करेंगे। शाम 5 बजे टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से दोनों दिनों के कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने की अपील की है। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों को भी कार्यक्रमों के कवरेज के लिए आमंत्रित किया गया है।