शिक्षक दिवस पर लखीसराय में गुरुजनों का सम्मान, नवाचार और बेहतर अध्यापन के लिए मिला पुरस्कार

  • Post By Admin on Sep 05 2026
शिक्षक दिवस पर लखीसराय में गुरुजनों का सम्मान, नवाचार और बेहतर अध्यापन के लिए मिला पुरस्कार

लखीसराय : शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में भव्य 'शिक्षक सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।

समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों में उत्कृष्ट अध्यापन, नवाचार और शैक्षणिक विकास में सराहनीय भूमिका निभाने वाले शिक्षकों एवं विद्यालयों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रधानाध्यापक, सर्वश्रेष्ठ शिक्षक (अध्यापन), सर्वश्रेष्ठ शिक्षक (नवाचार), प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL), सर्वश्रेष्ठ स्वच्छता, खेल-कूद की बेहतर व्यवस्था और छात्रों की सर्वाधिक उपस्थिति जैसी विभिन्न श्रेणियों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले चयनित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर नवाजा गया।

सभा को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शिक्षकों के समर्पण और विद्यालयों में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के शिल्पकार हैं और उनका नवाचार बच्चों के भविष्य को नई दिशा देता है। डीएम ने सभी शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नई ऊर्जा के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, संभाग प्रभारी अमित कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।