लखीसराय में दीपावली से पूर्व पटाखा दुकानों की सघन जांच, अग्निशमन दल ने किया सुरक्षा ऑडिट
- Post By Admin on Nov 05 2026
लखीसराय : दीपावली के त्योहार पर पटाखों की भारी बिक्री और इस्तेमाल की संभावना को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जन सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा तथा वायु प्रदूषण की रोकथाम के उद्देश्य से जिले भर में पटाखों के अवैध भंडारण और अनियंत्रित बिक्री पर नकेल कसने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला दण्डाधिकारी के निर्देश पर अग्निशामालय पदाधिकारी, संबंधित अंचलाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख पटाखा बिक्री केंद्रों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस संयुक्त टीम ने विशेष रूप से के० आर० के० मैदान तथा पचना रोड स्थित विभिन्न पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण करते हुए अग्नि सुरक्षा ऑडिट संपन्न किया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यप्रणाली, आग से बचाव के जरूरी प्रबंधों, बिजली के तारों व प्रकाश व्यवस्था की सुरक्षा सहित आपातकालीन निकास मार्गों की बारीकी से पड़ताल की। अनुमंडल अग्निशमालय कार्यालय ने आमजन से सुरक्षा नियमों के पालन की अपील करते हुए सचेत किया है कि किसी भी प्रकार की अगलगी की घटना होने पर तुरंत 101 अथवा 112 नंबर पर संपर्क कर सूचना दें।