पेंशनधारियों को आर्थिक सहायता, लखीसराय में 12.80 करोड़ रुपए का डीबीटी भुगतान
- Post By Admin on Sep 10 2026
लखीसराय : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि हस्तांतरित की। राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लखीसराय समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया, जहां जिले के पदाधिकारियों, कर्मियों और पेंशनधारियों ने कार्यक्रम का अवलोकन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत लखीसराय जिले के कुल 1,08,431 पेंशनधारियों के बैंक खातों में 12 करोड़ 80 लाख 66 हजार 200 रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। राशि सीधे खातों में हस्तांतरित होने से लाभुकों को पेंशन प्राप्त करने में सुविधा हुई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सभी पेंशनधारियों से प्राप्त राशि का सदुपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दी जा रही सामाजिक सुरक्षा पेंशन का उद्देश्य जरूरतमंद लाभुकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।